रायपुर: छत्तीसगढ़ में कोयला और शराब घोटाले की जांच को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने रविवार को कई ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच की।
अवधेश यादव के घर व अन्य ठिकानों पर EOW ने दबिश दी।
रायपुर में शराब कारोबार से जुड़े कारोबारी अवधेश यादव के घर और उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर EOW की टीम ने दबिश दी। शिव विहार कॉलोनी सहित कई स्थानों पर हुई छापेमारी में महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। यादव का नाम लंबे समय से राज्य के शराब कारोबार से जुड़ा बताया जाता है।
इसी तरह, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में कोयला व्यापारी जयचंद कोसले के घर पर 12 सदस्यीय टीम ने तलाशी अभियान चलाया। अंबेडकर चौक स्थित उनके आवास पर अधिकारियों ने लेन-देन और कारोबार से संबंधित कागजात खंगाले। जानकारी के अनुसार, जयचंद कोसले के पिता खनिज विभाग में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं।
साथ ही, रायपुर के सेजबहार स्थित अविनाश स्मार्ट सिटी कॉलोनी में भी ACB-EOW की टीम ने जयचंद कोसले के एक और मकान पर दबिश दी। दो गाड़ियों में पहुंची टीम ने यहां भी तलाशी लेकर कई दस्तावेज जब्त किए।
जांच एजेंसियों के सूत्रों का कहना है कि जयचंद कोसले का नाम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया के करीबी के तौर पर सामने आया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बरामद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।