भोपाल। दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के अवसर पर आज रविवार को राजधानी में भव्य जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस गोविंदपुरा टर्निंग से अन्नानगर होते हुए कैरियर कॉलेज तिराहा तक निकलेगा। धार्मिक आयोजन में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सांरग के भी शामिल होने की संभावना है।
जुलूस मार्ग और यातायात परिवर्तन
यातायात पुलिस ने दोपहर से ही इस मार्ग पर अस्थायी ट्रैफिक बदलाव लागू कर दिया है। जुलूस के दौरान गोविंदपुरा टर्निंग से अन्नानगर होते हुए कैरियर कॉलेज तिराहा तक का यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। किसी भी असुविधा पर यातायात कंट्रोल रूम (0755-2677340, 2443850) पर संपर्क किया जा सकता है।
तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
- कैरियर कॉलेज तिराहा, हेमा पब्लिक स्कूल और सिक्योरिटी लाइन तिराहा से आने-जाने वाले वाहन लेफ्ट टर्न लेकर सुभाष नगर होकर ब्रिज का उपयोग करेंगे।
- अवधपुरी की ओर जाने वाले वाहन डीआरएम रोड से गुजर सकेंगे।
- आईटीआई से गोविंदपुरा टर्निंग की ओर जाने वाले वाहन प्रभात होकर सुभाष नगर ब्रिज का रास्ता अपना सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को यातायात में किसी तरह की दिक्कत न हो।