मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राज्य के बालाघाट जिले के कटंगी तहसील मुख्यालय के लाखों धान की खेती करने वाले किसानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये बोनस देने की घोषणा की थी।इसे क्रियान्वित करने के लिए आज बालाघाट के तहसील मुख्यालय कटंगी में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को बोनस वितरण के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है।
कृषि उपज मंडी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 6 लाख 69 हजार धान उत्पादक किसानों के बैंक खातों में बोनस के रूप में 337 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे।
युवाओं को नियुक्ति पत्र
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 4,315 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। वे बालाघाट जिले में 244 करोड़ रुपये की लागत वाली 75 निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और युवा भाग लेंगे।
1 लाख किसानों मिलेगा बोनस
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये, अधिकतम 10,000 रुपये बोनस देने की घोषणा की थी। बालाघाट जिले के एक लाख से अधिक किसानों को इस बोनस राशि का लाभ मिलेगा।