नई दिल्ली: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट दिलाने और दलालों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। आज (1 अक्टूबर 2025) से, ट्रेनों के सामान्य आरक्षण खुलने के शुरुआती 15 मिनट तक केवल आधार-प्रमाणित उपयोगकर्ता ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
यह नियम IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर लागू कर दिया गया है।
पारदर्शिता आएगी, आम यात्रियों को होगा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का सीधा मकसद आम यात्रियों को लाभ पहुंचाना है।
नए नियम से टिकट बुकिंग में पारदर्शिता आएगी। आम यात्रियों को शुरुआती 15 मिनट में कन्फर्म टिकट मिलने का अधिक मौका मिलेगा, क्योंकि दलाल इस विंडो में बुकिंग नहीं कर पाएंगे। इससे टिकटों के अवैध कारोबार और बिचौलियों पर भी प्रभावी रूप से लगाम लगेगी।
पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने इस कदम को आम यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचाने वाली सकारात्मक पहल बताया है।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपील
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अपनी आईआरसीटीसी आईडी को तुरंत आधार से प्रमाणित करा लें। इससे वे शुरुआती 15 मिनट की विशेष विंडो में टिकट बुक कर पाएंगे।
पीआरएस काउंटर और एजेंटों के लिए पुराने नियम जारी
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अन्य बुकिंग प्रक्रियाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है कम्प्यूटरीकृत पीआरएस (Passenger Reservation System) काउंटर से होने वाली सामान्य आरक्षण टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी। टिकट खुलने के शुरुआती 10 मिनट तक रेलवे के अधिकृत एजेंटों को टिकट बुक करने पर जो पाबंदी है, वह भी पूर्ववत जारी रहेगी।
यह नया नियम ऑनलाइन टिकट बुकिंग के परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा, जिससे त्योहारी सीजन और छुट्टियों के दौरान आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।