सोने और चांदी की कीमतें लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। बुधवार को, कारोबारी सप्ताह के लगातार तीसरे दिन, दोनों धातुओं के वायदा भाव रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। घरेलू बाजार में सोना 1,17,600 रुपये और चांदी 1,43,750 रुपये के आसपास कारोबार कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में अभूतपूर्व तेजी देखी गई, और दोनों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट 365 रुपये की उछाल के साथ 1,17,630 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,17,265 रुपये था। कारोबार के दौरान यह 367 रुपये की बढ़त के साथ 1,17,632 रुपये पर रहा। दूसरी ओर, चांदी के दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट ने 1,059 रुपये की तेजी के साथ 1,43,204 रुपये प्रति किलोग्राम पर शुरुआत की। इसका पिछला बंद भाव 1,42,145 रुपये था, और यह 1,602 रुपये की बढ़त के साथ 1,43,747 रुपये पर कारोबार कर रहा था।अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की वायदा कीमतों में तेजी देखी गई।
कॉमेक्स पर सोना 3,888.70 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जो पिछले बंद भाव 3,873.20 डॉलर से अधिक था। कारोबार के दौरान यह 20.20 डॉलर की बढ़त के साथ 3,893.40 डॉलर पर रहा और दिन में 3,904.10 डॉलर के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचा। चांदी के वायदा भाव 46.83 डॉलर प्रति औंस पर खुले, जो पिछले बंद भाव 46.64 डॉलर से अधिक था। यह 1.06 डॉलर की बढ़त के साथ 47.70 डॉलर पर कारोबार कर रहा था और दिन में 47.82 डॉलर के उच्चतम स्तर को छू लिया।