रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल रैकेट का पर्दाफाश, 11 गिरफ्तार

छत्तीसगढ, रायपुर: राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात दो स्थानों पर छापा मारकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चार टैंकर, कई ड्रम और पाइप जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 4.30 लाख रुपये आंकी गई है।

सूरज शाह के यार्ड पर छापा

टीम ने सबसे पहले रिंग रोड नंबर-3 स्थित पिरदा चौक में सूरज शाह के यार्ड पर दबिश दी। यहां सूरज शाह समेत अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित कुमार बघेल बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण कर रहे थे। पुलिस ने मौके से लगभग 1.40 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया और ड्रमों से सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सीलबंद किया। कार्रवाई के दौरान सूरज शाह फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

टेकारी चौक में दूसरी कार्रवाई

इसके बाद पुलिस ने रिंग रोड नंबर-3 के टेकारी चौक स्थित उमेश साव के यार्ड पर भी छापा मारा। यहां उमेश साव, शैलेन्द्र कुमार साव, शेख कलीम उद्दीन, राज पटेल, नीरज नेताम और रवि यादव अवैध रूप से ज्वलनशील तरल पदार्थों का संग्रह और बिक्री कर रहे थे। इस स्थान से लगभग 2.90 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के पास किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था।

आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज

दोनों जगहों से जब्त किए गए टैंकर और ड्रमों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही दो प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार सूरज शाह की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।