भोपाल, ब्यूरो: मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुना से अधिक करने और उसके माध्यम से पशुपालक किसानों की आय बढ़ाने के संकल्प को पूरा करने के लिये राज्य सरकार ने प्रदेश में ‘दुग्ध समृद्धि संपर्क’ अभियान शुरु किया है। अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग का अमला गांवों में घर-घर जाकर पशुपालकों से संपर्क कर उन्हें पशुओं में नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दे रहा है। साथ ही पशुपालकों की समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है।
यह अभियान नौ अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान मंत्री अफसर भीमैदान में उतर आए है। पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्य मंत्री लखन पटेल ने अभियान के तहत हाल ही में दमोह जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम खिरिया छक्का का दौरा किया। उन्होंने वहां पशुपालक किसानों से संपर्क कर उन्हें दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और नस्ल सुधार आदि की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों के घर पहुंचकर चर्चा की और अभियान का लाभ उठाने की अपील की।
पीएस भी नई तकनीक की दे रहे जानकारी
इधर विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने अभियान के अंतर्गत रायसेन जिले के ग्राम आमा और पिपलिया चांदखां का भ्रमण किया तथा पशुपालकों से चर्चा कर उन्हें दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की नई तकनीक के संबंध में जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने विदिशा जिले के ग्रामों पुरेनिया, पीपलखेड़ा कला, अमरापुरा, बेरखेड़ी, खैरखेड़ी में पहुंचकर पशुपालकों से संवाद कर पशुओं की नस्ल सुधार, खासकर सीमन से बछियां ही जन्मे, दुग्ध उत्पादन में और कैसे वृद्धि हो ताकि दुग्ध की पूर्ति सुगमता से हो और पशुपालकों की आमदनी में इजाफा हो, की जानकारी दी।