RKM पावर प्लांट में बड़ा हादसा, मेंटेनेंस लिफ्ट 40 मीटर की ऊंचाई से गिरी; 3 मजदूरों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल

सक्ती (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात एक बड़ा और दुखद हादसा हो गया। प्लांट में मेंटेनेंस कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर की ऊंचाई से अचानक नीचे गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे का कारण लिफ्ट में तकनीकी खराबी बताई जा रही है, लेकिन प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 यह घटना डभरा थाना क्षेत्र की है, जहाँ सभी 10 मजदूर बॉयलर की मरम्मत के लिए करीब 75 मीटर ऊंची पांचवीं मंजिल पर जा रहे थे। 40 मीटर की ऊंचाई पर पहुँचने के बाद लिफ्ट का बैलेंस बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरी, जिससे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

लापरवाही का आरोप, मजदूरों ने किया हंगामा

हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूरों और मृतकों के परिजनों ने प्लांट गेट के बाहर जमा होकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि यह दुर्घटना प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण हुई है, क्योंकि लिफ्ट की नियमित तकनीकी जांच लंबे समय से नहीं की गई थी।

हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी घायल मजदूरों को निजी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही डभरा पुलिस और सक्ती एडिशनल एसपी हरीश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को शांत कराया और अज्ञात कारणों से लिफ्ट गिरने के मामले की जांच शुरू कर दी है। प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में फैले आक्रोश और तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।