ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी: दवा कंपनी के मैनेजर से 45 लाख रुपये लूटे, कई खातों में जमा कराए पैसे

भोपाल: बागेसवनिया पुलिस के अनुसार, मंडीदीप में एक दवा कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगों ने लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में ट्रेडिंग कंपनी के संचालक और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, उमेश ठाकुरे (46) भोपाल के कुंदन नगर, भेल संगम चौराहे के पास रहते हैं। वे पिछले 22 वर्षों से मंडीदीप की एक प्रतिष्ठित कंपनी में प्रोडक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। अगस्त 2025 में अनु शर्मा नाम की एक महिला ने उमेश से फोन पर संपर्क किया और ऑनलाइन ट्रेडिंग के बारे में बताया। उमेश के रुचि दिखाने पर महिला ने उन्हें कंपनी के संचालक हर्ष नामदेव से जोड़ा। हर्ष ने उमेश को एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और ऑनलाइन ट्रेडिंग शुरू करवाई।

शुरुआत में उमेश को ऐप पर अच्छा-खासा मुनाफा दिखाया गया, इसके बाद उन्हें देश के अलग-अलग राज्यों के बैंक खातों में पैसे जमा करने को कहा गया। दो महीनों में उमेश ने लगभग 45 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। ऐप पर उनकी राशि करीब तीन करोड़ रुपये तक पहुंच गई। जब उमेश ने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो उन्हें बताया गया कि 37 लाख रुपये का टैक्स जमा करना होगा। ऐसा न करने पर उन पर 7.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की धमकी दी गई। धोखाधड़ी का अहसास होने पर उमेश ने बागेसवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हर्ष नामदेव और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।