दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप पर शुक्रवार सुबह 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली और फिलीपींस की भूकंप एजेंसी फिवोल्क्स ने तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों और ऊंचाई वाली जगहों पर जाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र दावाओ ओरिएंटल के मनाय शहर के तट के पास रहा। फिवोल्क्स का कहना है कि अगले कुछ घंटों में समुद्र में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। वहीं, यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र ने बताया कि झटके लगभग 58 किलोमीटर की गहराई से उत्पन्न हुए।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि लोग भयभीत होकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने बचाव दलों को सतर्क मोड पर रखा है और आफ्टरशॉक्स तथा संभावित सुनामी से निपटने के लिए सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
शुरुआती आकलन में यह भी सामने आया है कि अब तक किसी गंभीर तबाही या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।