मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुभ शुरुआत

मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार सकारात्मक रुख के साथ खुले, जिसका कारण एशियाई बाजारों से मिला-जुला संकेत और मेटल व आईटी शेयरों में खरीदारी थी। निवेशक वैश्विक स्तर पर अमेरिका-चीन व्यापार नीतियों से उत्पन्न अनिश्चितताओं पर नजर रखे हुए हैं, साथ ही घरेलू कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी उनका ध्यान केंद्रित है। बीएसई सेंसेक्स 82,404.54 अंक पर मजबूती के साथ खुला और सुबह के कारोबार में 206.27 अंक की बढ़त के साथ 82,533.32 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर हरे निशान में थे, जबकि 9 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। टाटा मोटर्स के शेयर डिमर्जर प्रभावी होने के कारण आज कारोबार से बाहर रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 25,277.55 अंक पर बढ़त के साथ खुला और 63.45 अंक चढ़कर 25,293 अंक पर कारोबार करता देखा गया। वैश्विक स्तर पर निवेशकों का ध्यान अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के बयान पर है। घरेलू स्तर पर निवेशक थोक मूल्य सूचकांक और मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं।

एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 1.01% ऊपर बंद हुआ, जबकि जापान का निक्कई 225 1.34% नीचे आया और ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 0.25% की गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के चीन के प्रति नरम रुख के बाद वॉल स्ट्रीट में उछाल देखा गया, लेकिन इसका असर एशियाई बाजारों पर सीमित रहा। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए, जिसमें सेमीकंडक्टर शेयरों, विशेष रूप से बोर्डकॉम की तेजी ने बाजार को समर्थन दिया। एसएंडपी 500 में 1.56% की वृद्धि हुई, नैस्डेक 2.21% चढ़ा, और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.29% की बढ़त दर्ज की गई।

आज जिन कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं, उनमें टेक महिंद्रा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड, आईआरईडीए, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, आदित्य बिड़ला मनी और साइएंट डीएलएम शामिल हैं।