स्कूली छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

भोपाल: बागसेवनिया इलाके में स्कूली छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उधर कोलार में एक निर्माणधीन मकान की दूसरी मंजिल से गिरने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बाग मुंगालिया निवासी रोशनी वासवान पुत्री राजेश कुमार (14) स्कूली छात्रा थी। बीती 8 अक्टूबर को छात्रा ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। इसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया था। जहां कल दोपहर उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान दर्ज नहीं होने की वजह से कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। उधर कोलार पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय नितेश बैरागी मजदूरी करता था। कल दोपहर अमरनाथ कॉलोनी के पास एक निर्माणधीन इमारत में काम कर रहा था। तभी वह इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग उसे लेकर जेके अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।