भोपाल में ‘जिम जिहाद’ विवाद: मुस्लिम ट्रेनर्स पर बयान देने वाले SI लाइन अटैच

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘जिम जिहाद’ के मुद्दे पर मचे बवाल के बीच एक नया विवाद सामने आया है. अयोध्या नगर इलाके में एक जिम संचालक को मुस्लिम ट्रेनर्स को नौकरी पर न रखने की नसीहत देने वाले सब-इंस्पेक्टर (SI) दिनेश शर्मा को लाइन अटैच कर दिया गया है. यह कार्रवाई एसआई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई.

बजरंग दल के हंगामे के बाद SI का विवादित बयान

दरअसल, यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कुछ दिन पहले बजरंग दल के कार्यकर्ता अयोध्या नगर स्थित एक जिम में पहुंचे. उन्होंने वहां कथित तौर पर मुस्लिम जिम ट्रेनर्स की जानकारी मांगते हुए हंगामा किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ने जिम संचालक से बात करते हुए एक ऐसा बयान दे दिया, जो अब विवाद का केंद्र बन गया है.

“कोई मुस्लिम ट्रेनिंग देने आएगा न लेने…” – वायरल वीडियो

वायरल वीडियो में एसआई दिनेश शर्मा जिम संचालक को यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं: “यहां कोई भी मुस्लिम, न ट्रेनिंग देने आएगा और न ट्रेनिंग लेने आएगा, मैंने क्लियर बता दिया आपको…” एसआई का यह बयान तेजी से सोशल मीडिया पर फैला और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे. इस घटना को 3-4 दिन पहले का बताया जा रहा है, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता जिम में मुस्लिम ट्रेनर्स के बारे में पूछताछ करने पहुंचे थे.

पुलिस ने शुरुआत में स्थिति को शांत करने का प्रयास किया था, लेकिन सब-इंस्पेक्टर शर्मा के इस बयान ने पूरे मामले को और ज़्यादा भड़का दिया. इस घटना ने धार्मिक सद्भाव और पुलिस की निष्पक्षता को लेकर नई बहस छेड़ दी है, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई दिनेश शर्मा को लाइन अटैच कर दिया है.