Jabalpur Acid Attack: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक सहेली ने सहेली पर फेंका तेजाब। पीडिता का नाम श्रद्धा दास बताया जा रहा है जैसे घर के बाहर सरप्राइज के नाम पर बुलाने के बाद किया हमला। हमले की वजह ईर्ष्या बताई जा रही है। पिड़िता हमले में 50% तक झुलसी, हालत गंभीर बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। गौरीघाट थाना क्षेत्र की अवधपुरी कॉलोनी में 22 वर्षीय युवती इशिता साहू ने अपनी ही सहेली पर एसिड से हमला कर दिया। पीड़िता श्रद्धा दास (21) हमले में करीब 50% तक झुलस गई है। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना का विवरण
रविवार रात करीब साढ़े दस बजे इशिता साहू, श्रद्धा दास के घर पहुंची। उसने गेट पर आवाज लगाई। अंदर से श्रद्धा ने कहा कि वह बाहर नहीं आ सकती क्योंकि अगले दिन उसकी परीक्षा है। इस पर इशिता ने कहा कि वह एक सरप्राइज लेकर आई है और उसे सिर्फ दो मिनट के लिए बाहर आना होगा। भरोसा कर श्रद्धा बाहर आ गई। दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई। जैसे ही श्रद्धा घर के अंदर लौटने लगी, इशिता ने अचानक बोतल से उस पर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब चेहरे और शरीर पर गिरते ही श्रद्धा जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर मां ज्योत्सना दास दौड़ती हुई बाहर आईं। उन्होंने देखा कि बेटी के कपड़े जल चुके थे और वह दर्द से तड़प रही थी। तुरंत मां उसे बाथरूम में ले गईं और उसके ऊपर पानी डाला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से श्रद्धा को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कारवाई और आरोप
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद इशिता साहू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। वहीं, श्रद्धा के परिवार का आरोप है कि इशिता की मां भी इस साजिश में शामिल थी। पुलिस जब इशिता के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। इशिता के पिता अग्नि साहू और मां दोनों फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पिछले एक साल से नहीं थी बातचीत
श्रद्धा के माता-पिता के अनुसार दोनों परिवारों के बच्चे पहले दोस्त थे। करीब एक साल पहले दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। श्रद्धा की मां ने बताया कि इशिता, श्रद्धा से जलन रखती थी। श्रद्धा पढ़ाई में अच्छी थी और तीन-तीन जगह पार्ट टाइम काम भी करती थी। वहीं इशिता के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसी वजह से इशिता के मन में लगातार ईर्ष्या बढ़ती गई।
दो महीने पहले श्रद्धा ने इशिता का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद भी इशिता की मां ने श्रद्धा को कई बार फोन कर दोनों के बीच बात कराने की कोशिश की। लेकिन श्रद्धा ने मना कर दिया और कहा कि वह व्यस्त रहती है, समय मिलने पर ही बात करेगी।
स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है
डॉक्टरों के अनुसार श्रद्धा का चेहरा, गर्दन और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन आगे कई सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। पुलिस ने तेजाब हमले का केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।