Ramayana Teaser Released: लंबे समय से बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर फैंस के इंतजार की घड़ी अब खत्म हो गई है। आखिरकार, फिल्म का पहला आधिकारिक लुक और टीज़र सामने आ चुका है, जिसने सभी को चौंका दिया है। रणबीर कपूर और रॉकिंग स्टार यश की यह मेगा बजट फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है।
जैसे ही टीज़र रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चाएं तेज हो गईं। लोगों को यह जानकर सबसे बड़ी सरप्राइज मिला कि फिल्म का आधिकारिक नाम ‘रामायण’ नहीं बल्कि ‘रामायणम्’ रखा गया है, जो इसकी भारतीयता और प्राचीनता को और गहराई से दर्शाता है।
ए.आर. रहमान की धुनों से सजी दिव्य शुरुआत
टीज़र की शुरुआत होती है मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर ए.आर. रहमान की मन को छू लेने वाली धुन से। एक गूंजता हुआ स्वर कहता है कि यह कहानी उस समय की है, जब समय की कोई सीमा नहीं थी, कोई इतिहास नहीं लिखा गया था। उस युग में तीन महाशक्तियां — ब्रह्मा, विष्णु और शिव — सृष्टि का संतुलन बनाए रखते थे। उनके सामंजस्य से देवता, ऋषि, मनुष्य और राक्षस एक ही ब्रह्मांड में शांतिपूर्वक रह रहे थे।
लेकिन इस संतुलन की राख से उठती है एक अभूतपूर्व शक्ति — एक ऐसा राक्षस जिसका जन्म किसी को नहीं पता था। वही शक्ति जन्म लेती है रावण के रूप में — एक ऐसा राजा जिसकी गर्जना से आकाश कांपता है और जिसका उद्देश्य है उस विष्णु को मिटाना जो हमेशा उसकी जाति और अस्तित्व के सामने खड़े होते हैं।
राम बनाम रावण: एक अनंत संघर्ष की शुरुआत
रावण के अत्याचारों को रोकने के लिए विष्णु धरती पर अवतरित होते हैं, लेकिन इस बार वे अपने सबसे कमजोर रूप में — एक मानव राजकुमार के तौर पर — जन्म लेते हैं, जिनका नाम होता है ‘राम’। यहीं से आरंभ होती है वह महागाथा, जो इंसान और अमर, उजाले और अंधकार, धर्म और अधर्म के बीच एक युद्ध बनकर उभरती है।

टीज़र इस संघर्ष की झलकियों को बेहद शुद्ध और रहस्यमयी ढंग से प्रस्तुत करता है। टीज़र के अंतिम क्षणों में जब दर्शक यह मानने लगते हैं कि सब खत्म हो चुका है, तब रॉकिंग स्टार यश की एक रहस्यमयी छवि सामने आती है। वह रावण के अवतार में नज़र आते हैं, जिनका चेहरा अभी पूरी तरह सामने नहीं लाया गया है।
रणबीर का दिव्य रूप और विशाल कल्पना का संसार
इसके बाद नजर आते हैं रणबीर कपूर, जो भगवान राम के किरदार में पूरी तरह रच-बस गए हैं। वे तीर-कमान चलाते हुए, पेड़ों पर छलांग लगाते और घने जंगलों में घूमते नजर आते हैं। कैमरा उनके चेहरे को आधा ही दिखाता है, लेकिन उनकी आंखों और हाथ की अंगुली में मौजूद विशेष अंगूठी दर्शकों को हैरान कर देती है। पूरी दृश्यावली एक गूढ़ पौराणिक संसार की अनुभूति कराती है।
भव्य स्टारकास्ट और दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में जहां रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, वहीं रावण की भूमिका निभा रहे हैं कन्नड़ सुपरस्टार यश। साउथ इंडियन सिनेमा की दमदार अभिनेत्री साई पल्लवी को सीता के किरदार में लिया गया है, जबकि लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे टीवी और फिल्म अभिनेता रवि दुबे।

फिल्म में हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं बॉलीवुड के एक्शन हीरो सनी देओल, जबकि 80 के दशक के रामायण में भगवान राम के रूप में लोकप्रिय हुए अरुण गोविल इस बार दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे।’रामायणम्’ दो भागों में रिलीज की जाएगी। इसका पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा।
भारतीय सिनेमा की एक नई महागाथा की दस्तक
‘रामायणम्’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक परंपरा को एक नई तकनीकी दृष्टि से परिभाषित करने का प्रयास है। भव्य वीएफएक्स, गहन भावनाओं और दर्शनीय अभिनय के साथ यह फिल्म न केवल धार्मिक भावना को जीवंत करती है, बल्कि सिनेमा के स्तर को भी एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने जा रही है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह महागाथा सिल्वर स्क्रीन पर दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है। लेकिन टीज़र ने जो प्रभाव छोड़ा है, उससे इतना तय है कि ‘रामायणम्’ आने वाले समय की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनने जा रही है।