Re-Ban on Pakistan Social Media Channels: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में बेहद तनाव देखा गया। दोनों मुल्कों के रिश्ते अभी भी रसातल पर ही हैं। इस बीच पाकिस्तान के कुछ सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया था लेकिन एक दिन बाद ही इन अकाउंट्स पर दोबारा बैन लगा दिया गया है। पाकिस्तानी सेलिब्रिटीज माहिरा खान, मावरा होकैन, युमना जैदी, हानिया आमिर और फवाद खान जैसे कलाकारों के इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर गुरुवार सुबह बैन लगा दिया गया है।
हालांकि, अभी तक इस पर सरकार की ओर से किसी तरह का बयान नहीं आया है। दो जुलाई को सबा कमर, मावरा होकैन, शाहिद अफरीदी, अहद रजा मीर जैसे पाकिस्तानी सेलब्स के इंस्टाग्राम अकाउंट नजर आने लगे थे। इसके अलावा हम टीवी, अफ डिजिटल और हर पाल जियो जैसे पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी एक्सेस हो रहे थे। लेकिन गुरुवार सुबह इनके इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में अवेलेबल नहीं है। इससे पहले पाकिस्तानी सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स से बैन हटाने पर पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने कहा था कि बैन हटाने का लॉजिक स्पष्ट नहीं है। अगर आॅपरेशन सिंदूर हमारी शीर्ष प्राथमिकता था तो यह बैन जारी रहना चाहिए था। क्या वैमनस्य से भरे वे यूट्यूब अकाउंट और सोशल मीडिया अकाउंट्स अब फिर मैत्रीपूर्ण हो गए हैं?
यह शहीदों का अपमान
एक रिपोर्ट के मुताबिक, आॅल इंडिया सिने वर्कर्स असोसिएशन ने इसे लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को लंबी चिट्ठी लिखी। चिट्ठी में कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमलों में जिन भारतीयों ने जान गंवाई, उन्हें इज्जत दी जाए। सिने असोसिएशन के मुताबिक, पाकिस्तानी हमले के बाद उसके कलाकारों और वहां के चैनल्स का भारत में नजर आना देश के शहीदों की बेइज्जती है।
माहिरा, मावरा, फवाद के अकाउंट नजर आते ही भड़के लोग
गौरतलब है कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत के आॅपरेशन सिंदूर के दौरान ही पाकिस्तान के कई सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बैन लगा दिया गया था। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर बैन लगा दिया था, जिनमें डॉन न्यूज, समा टीवी, अफ न्यूज और जियो न्यूज जैसे नाम शामिल हैं। इन चैनलों पर कथित तौर पर भारत विरोधी कंटेंट प्रसारित करने का आरोप है। गुरुवार, 2 जुलाई को कुछ पाक सेलेब्स के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में एक्टिव दिखे, जिनमें सबा कमर, माहिरा खान और हानिया आमिर का भी नाम शामिल है। यह देख हर कोई हैरान रह गया। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए कि आखिर पाक सेलेब्स के सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन के बावजूद क्यों एक्टिव हैं?