CM Mohan Yadav Spain Visit: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी आठ दिवसीय विदेश यात्रा के तीसरे दिन दुबई से स्पेन पहुंच चुके हैं। स्पेन पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने तीन दिवसीय दुबई प्रवास को बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक करार दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई में पर्यटन, खान एवं खनिज, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य क्षेत्रों में निवेश की असीम संभावनाएं दिखाई दीं।
दुबई में हुईं प्रमुख औद्योगिक बैठकें, भारत मार्ट को बताया वैश्विक व्यापार का प्रवेशद्वार
दुबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने ‘भारत मार्ट’ का दौरा भी किया और उसे मध्य पूर्व, अफ्रीका और यूरोप के बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहुंच के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। सीएम यादव ने कहा कि भारत मार्ट के माध्यम से ‘लोकल से ग्लोबल’ की सोच को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने इसे भारतीय उत्पादों का नया वैश्विक केंद्र बताया, जो वर्ष 2026 से संचालन में आएगा।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर सशक्त साझेदारी के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत सरकार विभिन्न देशों के साथ रणनीतिक सहयोग स्थापित कर रही है और मध्यप्रदेश इस वैश्विक प्रयास में अपनी सक्रिय व प्रभावी भूमिका निभाने के लिए… pic.twitter.com/mgXrYHVLoC
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) July 16, 2025
जेबेल अली फ्री ज़ोन में आकार ले रहा है भारत मार्ट
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दुबई के जेबेल अली फ्री ज़ोन में करीब 2.7 मिलियन वर्ग फुट क्षेत्र में भारत मार्ट का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना की नींव इसी वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने संयुक्त रूप से रखी थी। भारत मार्ट में खासतौर पर खाद्य प्रसंस्करण, कृषि उत्पाद और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।
डीपी वर्ल्ड के साथ लॉजिस्टिक्स सेक्टर में संभावनाओं पर चर्चा
दुबई दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डीपी वर्ल्ड के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान मध्य प्रदेश में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, इनलैंड कंटेनर डिपो और ड्राय पोर्ट्स जैसे बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा हुई। सीएम ने बताया कि डीपी वर्ल्ड राज्य की लॉजिस्टिक्स नीति के अनुरूप निवेश को लेकर गंभीर रुचि दिखा रहा है और यह सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से लंबे समय तक सहयोग की दिशा में कदम होगा।
एमपी को वैश्विक व्यापार की मजबूत कड़ी बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस विदेश यात्रा को केवल व्यापारिक संपर्कों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि यह मध्य प्रदेश की आर्थिक दिशा और भविष्य की नींव तैयार करने की एक बड़ी पहल है। उन्होंने आशा जताई कि जैसे दुबई में निवेशकों का सकारात्मक रुझान मिला, वैसे ही स्पेन में भी राज्य के लिए नए अवसर खुलेंगे।
डीपी वर्ल्ड का वैश्विक नेटवर्क और भारत में उपस्थिति
डीपी वर्ल्ड की वैश्विक उपस्थिति पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कंपनी दुनिया के 78 से अधिक देशों में 100 से ज्यादा टर्मिनल्स और पोर्ट्स का संचालन करती है। भारत में भी डीपी वर्ल्ड मुंबई, मुंद्रा, कोचीन, चेन्नई और विशाखापत्तनम जैसे बंदरगाहों पर अपने टर्मिनलों का संचालन कर रही है। इसके अलावा यह कोल्ड चेन लॉजिस्टिक्स, कंटेनर फ्रेट स्टेशन और एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट सेवाओं से भी जुड़ी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी के विजन को बताया प्रेरणास्त्रोत
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2015 से चले आ रहे विजन की सराहना की और कहा कि उन्होंने दुबई की वैश्विक शक्ति को पहचाना और उसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार के एक नए द्वार में बदलने का कार्य किया। डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि इस दौरे से मिली नई साझेदारियां भविष्य में राज्य के लिए आर्थिक विकास के नए द्वार खोलेंगी।
स्पेन दौरे की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री की टीम वहां भी निवेश और औद्योगिक संभावनाओं पर फोकस कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा से मिले अनुभव और साझेदारियां मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।