हमीदिया अस्पताल में किडनी पेशेंट करा सकेंगे अब हार्ट की भी जांच, जापान से आ रहीं 7.7 करोड़ की आधुनिक मशीनें

Kidney patients can now get their heart checked too in Hamidia Hospital: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में नई कैथ लैब को शुरू करने की नई समय-सीमा निर्धारित कर दी गई है. इसके तहत, 1 सितंबर से हृदय रोगियों को इस अत्याधुनिक सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा. यह कैथ लैब प्रदेश की सबसे आधुनिक मशीन होगी, जो 30 जुलाई को भारत पहुंचेगी.

किडनी मरीजों के लिए भी वरदान साबित होगी नई कैथ लैब

इस अत्याधुनिक कैथ लैब की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किडनी के मरीज भी बिना किसी चिंता के हृदय संबंधी जांच करवा सकेंगे. जापान से लाई जा रही यह हाईटेक बाई-प्लेन कैथ लैब सिस्टम मध्य प्रदेश में अपनी तरह का पहला है और इसकी कीमत 7.7 करोड़ रुपये है.

कम डाई का उपयोग और 3D इमेजिंग की सुविधा

यह मशीन कई मायनों में खास है. जांच के दौरान इसमें बहुत कम डाई (रंग) की आवश्यकता पड़ती है, जिससे मरीजों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सकता है. साथ ही, मरीज की स्कैनिंग रिपोर्ट 3डी इमेज फॉर्म में आती है. इससे हृदय और रक्त की नसों की बेहतर और स्पष्ट छवि प्राप्त होती है, जो हृदय में ब्लॉकेज से लेकर अन्य समस्याओं की सटीक जानकारी प्रदान करती है. यह सुविधा डॉक्टरों के लिए निदान को आसान बनाती है और जटिल सर्जरी में भी मरीज को बेहतर परिणाम दिलाने में सहायक सिद्ध होती है.