Vidyut Jamwal in Street Fighter: भारतीय सिनेमा के जाने-माने एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड में अपना पहला कदम रखने जा रहे हैं. वह ‘स्ट्रीट फाइटर’ फिल्म में नज़र आएंगे, जो कि स्टूडियो ‘लीजेंडरी’ के इसी नाम के लोकप्रिय वीडियो गेम का रूपांतरण है. मनोरंजन समाचार वेबसाइट ‘डेडलाइन’ की रिपोर्ट के अनुसार, 44 वर्षीय अभिनेता विद्युत जामवाल, जिन्हें ‘कमांडो’, ‘खुदा हाफिज’ और ‘बादशाहो’ जैसी एक्शन-पैक्ड फिल्मों के लिए जाना जाता है, इस आगामी हॉलीवुड फिल्म में एक बड़ी स्टारकास्ट के साथ दिखाई देंगे.
दमदार स्टारकास्ट और गेम का इतिहास
‘स्ट्रीट फाइटर’ में विद्युत जामवाल के साथ एंड्रयू कोजी, नोआ सेंटीनो, जेसन मोमोआ, कैलिना लियांग, रोमन रेन्स, ऑरविल पेक, कोडी रोड्स, एंड्रयू शुल्ज और डेविड डस्टमलचियन जैसे बड़े सितारे भी होंगे.
‘स्ट्रीट फाइटर’ की शुरुआत 1987 में जापानी कंपनी कैपकॉम के एक ‘आर्केड गेम’ के रूप में हुई थी. 1991 में ‘स्ट्रीट फाइटर II’ के साथ इसने पॉप संस्कृति में एक नया मुकाम हासिल किया, जिसने आमने-सामने (वन-टू-वन) फाइटिंग गेम्स में क्रांति ला दी. यह एक फाइटिंग गेम है जिसमें खिलाड़ी एक मार्शल आर्टिस्ट या एक अनोखी फाइटिंग शैली वाले फाइटर का चयन करते हैं और मुक्कों, किक, विशेष चालों और कॉम्बो का उपयोग करके विरोधियों से लड़ते हैं. इस गेम का सबसे हालिया संस्करण ‘स्ट्रीट फाइटर 6’ जून 2023 में रिलीज़ हुआ था.