Drug addict-love jihad: राजधानी में ड्रग तस्करी में पकड़े गए भाजपा नेता के बेटे यासीन और भाई शाहवर के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने एक मंत्री के करीबी को गुरुवार रात उठाया है। इसके साथ ही कई अन्य रसूखदार भी जांच की जद में हैं। जिनके दम पर आरोपी सत्ता की धौंस जमाते थे। वहीं जिस तरह के पब और कैफों में ड्रग्स-यौन शोषण और लव जिहाद जैसे अपराध चल रहे थे उन पर पुलिस और सख्त होगी।
शारिक मछली और यासीन का बड़ा राजदार बताए जा रहे गौरव चौहान उर्फ नॉनखटाई को पुलिस ने गुरुवार रात शिकंजे में लिया। वह मध्यप्रदेश के एक बड़े नेता का करीबी भी बताया जाता है। गौरव के सोशल मीडिया अकाउंट में गौरव के साथ मंत्री, उनके भाई और मंत्री की तस्वीरें भी मौजूद हैं। ऐसे में अब पुलिस गौरव चौहान से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस क्लाब-90 के मालिक मोहित बघेल से भी पूछताछ हुई है। जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके। गौरव चौहान का नाम इससे पहले लव जिहाद केस में भी जुड़ चुका है। इस बीच पुलिस ने अब पब और कैफे संचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यासीन ड्रग खपाने का काम पब और कैफे के माध्यम से ही करता था। क्राइम ब्रांच पुलिस अब पब और कैफे संचालकों की सूची तैयार कर रही है। जिससे उनसे पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।
बताया जाता है कि मोबाइल में कुछ लोगों के ट्रांजेक्टशन भी मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने बैंकों से खातों की डिटेल भी मांगी है। खातों की जानकारी मिलने के बाद आॅनलाइन लेन-देन करने वालों से भी पूछताछ की जाएगी। इतना ही नहीं पुलिस को यासीन और शाहवर के पास से एमडी भी बरामद की है। फिलहाल दोनों चाचा-भतीजे पुलिस की रिमांड पर हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी.
मीडियाकर्मी के नाम से जारी हुआ था विधानसभा का पास
यासीन की गाड़ी पर विधानसभा का पास लगा हुआ था। जब इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि वह पास एक मीडियाकर्मी के नाम से जारी हुआ था। अब वह मीडियाकर्मी कौन है, इसका पता लगाने में पुलिस जुट गई है। इसलिए माना जा रहा है कि पुलिस अब मीडियाकर्मी से भी पूछताछ कर सकती है।
लड़कियों को मिलती थी फ्री एंट्री, यासीन के मोबाइल में मिले दर्जनभर वीडियो क्लिप
ड्रग तस्कर यासीन की डीजे और पूल पार्टी में अधिकाश कॉलेज के लड़के-लड़कियां ही शामिल होते थे। इतना ही नहीं लड़कियों को पार्टी में फ्री एंट्री दी जाती थी। जबकि लड़कों से पैसे वसूले जाते थे। बकायदा इसकी बुकिंग भी कैफों के माध्यम से की जाती थी। इस पार्टी में जमकर ड्रग बेची जाती थी। इसके कुछ वीडियो भी यासीन की इंस्ट्राग्राम प्रोफाइल पर आसानी से देखे जा सकते हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर पीड़िता शिकायत करती है, तो कार्रवाई करेगी। इसके अलावा भी पुलिस को जो वीडियो मिले हैं, जिसके आधार पर पीड़ित लड़के-लड़कियों की पहचान की जा रही है। इसकेअलावा पुलिस को उसके मोबाइल से दर्जनभर क्लिप मिली हैं। जिसमें वह लड़कियों के साथ आपत्तिजनक हालत में है।
पुलिस अफसरों की सांठ-गांठ उजागर
ड्रग तस्कर यासीन के चाचा सोहेल अहमद की भोपाल पुलिस के कई बड़े अफसरों से पहचान है और उनके फोटो भी सोशल मीडिया मौजूद हैं। ऐसे में अगर यह अधिकारी जांच में शामिल होते हैं, तो जांच प्रभावित भी हो सकती है। इसको लेकर राष्टÑीय बाल आयोग के सदस्या प्रियंक कानूनगो भी सवाल उठा चुके हैं। बताया जाता है कि सोशल मीडिया सोहेल के साथ वॉयल हुए फोटो में दिखने वाले पुलिस अफसरों पर भी अब कार्रवाई हो सकती है।