महिला शतरंज विश्व कप में पहली बार भारतीय बनेगा विजेता, आज खेली जाएगी फाइनल बाजी

भारत की स्टार महिला खिलाड़ी कोनेरू हंपी और दिव्या देशमुख शनिवार को होने वाले फिडे महिला विश्व कप फाइनल में एक-दूसरे के सामने होंगी जिससे पहली बार इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ी विजेता बनेगा। इस प्रतियोगिता के इतिहास में यह पहली बार है जब दो भारतीय फाइनल में आमने-सामने होंगी।

वजेता को मिलेंगे 43 लाख रुपए

टूर्नामेंट के विजेता को 50,000 अमेरिकी डालर (लगभग 43 लाख रुपए) और दूसरे स्थान पर रहने वाले को 35,000 अमेरिकी डालर (लगभग 30 लाख रुपए) मिलेंगे।

कोनेरू हंपी प्रबल दावेदार

हंपी और देशमुख दोनों ने यहां फाइनल में पहुंचकर अगले साल होने वाले महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बड़े मुकाबलों में खेलने के अपने अनुभव के आधार पर हंपी फाइनल में हमवतन दिव्या के विरुद्ध प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगी। हंपी ने गुरुवार को सेमीफाइनल में चीन की टिंगजी लेई को टाईब्रेकर में हराकर जीत हासिल की जबकि देशमुख ने अंतिम-चार चरण के दूसरे गेम में पूर्व विश्व चैंपियन चीन की ही झोंगयी टैन को हराया। 38 वर्षीय ग्रैंडमास्टर हंपी विश्व महिला रैपिड टूर्नामेंट की विजेता थीं और हाल में महिला ग्रांप्रि में भी संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। पिछले कई वर्षों में उनका जज्बा और दृढ़ संकल्प जरा भी कम नहीं हुआ है।

दिव्या ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियन को हराया

दिव्या ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियन तान झोंग्यी को सेमीफाइनल मुकाबले में 1.5-0.5 के अंतर से हराया। 19 साल की दिव्या ने सफेद मोहरों से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 101 चाल में मात दी। दूसरे गेम में उन्हें सफेद मोहरों से खेलने का फायदा मिला। उन्होंने बीच के खेल में लगातार दबाव बनाया और तान झोंग्यी को गलतियां करने पर मजबूर कर दिया। व्हाइट (दिव्या) क्वीन की अदला-बदली के साथ जीत की स्थिति में थी, लेकिन क्वीन को बोर्ड पर रखने से भी उनकी स्थिति बहुत मजबूत थी। इसके बाद झोंग्यी ने वापसी की और बढ़त ले ली। समय की कमी में झोंग्यी ने गलत चाल चली, जिसके बाद दिव्या दो प्यादों की बढ़त के साथ आगे हो गईं। आखिरी गेम में झोंग्यी के पास ड्रॉ के कई मौके थे, लेकिन वह इन्हें भुना नहीं सकीं।

हंपी से आधी उम्र की दिव्या उलटफेर में माहिर

उलटफेर में माहिर दिव्या हंपी से आधी उम्र की अंतरराष्ट्रीय मास्टर देशमुख इस प्रतियोगिता में शीर्ष 10 में शामिल तीन खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर कर चुकी हैं। उनका पहला शिकार चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त जिनर झू थीं जिन्होंने डी हरिका को बाहर कर दिया था। नागपुर की 19 वर्षीय देशमुख ने सेमीफाइनल में चीन की पूर्व महिला विश्व चैंपियन झोंगयी टैन को हराया।

दो क्लासिकल गेम का होगा फाइनल

शनिवार का फाइनल भी दो क्लासिकल गेम में खेला जाएगा और अगर परिणाम 1-1 से बराबर रहता है तो विजेता का फैसला करने के लिए कम समय के गेम खेले जाएंगे।