गुना में कलोरा डैम टूटने की आशंका, सेना बुलाई, CM पहुंचे आपदा प्रबंधन सेंटर…

Flood in Guna: प्रदेश में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ आ गई है। गुना में 24 घंटे में 12.92 इंच बारिश हो गई। यहां कलोरा बांध की वेस्ट बीयर 15 फीट तक टूट गई है। पूरा डैम टूटने की आशंका है। इससे आसपास के गांवों के जलमग्न होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर NDRF और सेना को बुला लिया है। SDM शिवानी पांडे ने बताया कि अभी तक तुमडा और बंधा गांव से करीब 250 ग्रामीणों को रेस्क्यू किया गया है। श्योपुर में सीप नदी उफान पर है। यहां मानपुर में सरकारी अस्पताल में पानी भर जाने के कारण 12 मरीज फंस गए।

एसडीईआरएफ की टीम ने सभी को निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार की सुबह अचानक आपदा प्रबंधन सेंटर पहुंचे। यहां पर उन्होंने अफसरों के साथ बाढ़ के हालातों और बचाव कार्यो की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए इसके लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाना, स्पेशल डीजी आपदा प्रबंधन प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव सहित अन्य अफसरों के साथ बैठक ली।

निर्देश…अफसर फील्ड में रहें जिस मदद की जरूरत हो तुरंत बताएं

मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि वाले जिलों के कलेक्टरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। उन्होंने कहा अफसर भी फील्ड में रहें। कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जिलों को लगता है कि भोपाल से उन्हें कोई मदद की जरुरत है तो वह भी वे तत्काल बताएं, यहां से हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।