भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर ‘शोले’ का 50वां जन्मदिन खास, टोरंटो में होगी 4K रीस्टोरेशन की ग्रैंड स्क्रीनिंग

भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित फिल्म ‘शोले’ अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रही है। इस खास मौके पर फिल्म का 4K रेस्टोरेशन वर्जन टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रीमियर होने जा रहा है। 6 सितंबर, 2025 को होने वाले इस प्रीमियर की घोषणा एक फाउंडेशन ने सोशल मीडिया पर की है। यह स्क्रीनिंग टोरंटो के रॉय थॉमसन हॉल में होगी, जिसकी क्षमता 1800 सीटों की है।

फिल्म की ऐतिहासिक सफलता

रमेश सिप्पी द्वारा निर्देशित और जी.पी. सिप्पी द्वारा निर्मित यह फिल्म 1975 में रिलीज हुई थी। ‘शोले’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी। सलीम-जावेद द्वारा लिखित यह फिल्म आज भी दुनिया भर में 25 करोड़ से अधिक दर्शकों के साथ सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्मों में से एक है। सिप्पी फिल्म्स और फाउंडेशन ने मिलकर इस फिल्म को 4K में पुनर्स्थापित किया है, ताकि नई पीढ़ी भी इस क्लासिक फिल्म का अनुभव कर सके।

सितारों से सजी यादगार कास्ट

‘शोले’ की कहानी दो अपराधियों वीरू (धर्मेंद्र) और जय (अमिताभ बच्चन) पर आधारित है, जिन्हें एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी (संजीव कुमार) कुख्यात डाकू गब्बर सिंह (अमजद खान) को पकड़ने के लिए नियुक्त करता है। इस फिल्म में हेमा मालिनी ने वीरू की प्रेमिका बसंती और जया बच्चन ने जय की प्रेमिका राधा का किरदार निभाया था। फिल्म का यादगार संगीत आर.डी. बर्मन ने दिया था, जो आज भी लोगों की जुबान पर है।