डेढ़ करोड़ से ज्यादा घरों में तिरंगा लगाएगी BJP, कल इंदौर में शामिल होंगे CM मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक घरों और निजी संस्थाओं पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान 10 अगस्त से शुरू हो चुका है, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। भाजपा का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से आम जनता और विभिन्न संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।

भोपाल में निकाली जाएगी भव्य तिरंगा यात्रा

13 अगस्त को भाजपा द्वारा भोपाल में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा सेना के सम्मान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के नाम से राजवाड़ा से गांधी हॉल तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। भाजपा कार्यालय में आयोजित एक बैठक में इस यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, जिसमें तय किया गया कि पार्टी के सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ता, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के सदस्य आम जनता के साथ मिलकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

स्वदेशी को बढ़ावा दे रहा अभियान

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद लोगों में देशभक्ति का जज्बा बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए स्वदेशी अभियान को एक जन आंदोलन बताया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भोपाल में खादी ग्रामोद्योग से तिरंगे और खादी के उत्पाद खरीदे गए हैं। शर्मा ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेश में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगा और 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा लहराएगा।