PM मोदी 25 को चार घंटे रहेंगे ग्वालियर, फिजी के प्रधानमंत्री होंगे साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिजी के प्रधानमंत्री सितीवेनी लिगामामाड़ा राबुका ग्वालियर में दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। दोनों 25 अगस्त को ग्वालियर में रहेंगे। भारत सरकार के कई अफसर भी यहां पर उनके साथ आएंगे। राबुका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर यहां का जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार का दिल्ली दौरा भी इन दोनों के ग्वालियर दौरे को लेकर माना जा रहा है। सूत्रों की मानी जाए तो दोनों नेताओं के बीच ग्वालियर में लगभग चार घंटे की बैठक हो सकती है। जिसमें दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। राबुका और मोदी के दौरे को लेकर ग्वालियर में तैयारियों शुरू हो गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राबुका का आधिकारिक कार्यक्रम एक-दो दिन में जारी होने की संभावना हैं। यहां पर फिजी के प्रधानमंत्री शहर की एतिहासिक जगहों का भ्रमण भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अगस्त को धार जिले के बदनावर भी आएंगे। जहां पर वे देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। करीब 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह टेक्सटाइल पार्क मालवा को नया औद्योगिक हब बनाएगा, जिससे तीन लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार और कपास किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

सीएम यादव ने गृह मंत्री शाह को दिया साइबर कॉन्फ्रेंस का न्यौता

मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली में वे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राबुका के दौरे को लेकर भारत सरकार के अफसरों से बातचीत करेंगे। वहीं वे कुछ केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। मध्य प्रदेश में होने वाली साइबर कॉफ्रेंस का न्यौता देने के लिए वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे।