बलराम जयंती पर किसान कल्याण: CM खातों में भेजेंगे 17,500 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अगस्त को मंडला में बलराम जयंती पर प्रदेश के किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना वर्ष 2025-26 की दूसरी किस्त का किसानों के खाते में अंतरण करेंगे। इस योजना से प्रदेश के 83 लाख किसान हितग्राही लाभांवित होंगे। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना सितंबर 2020 से लागू की गई है। इस योजना में लाभांवित किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अलावा है। मार्च 2025 तक 83 लाख से अधिक किसान हितग्राहियों को 17,500 करोड़ का वित्तीय समर्थन दिया गया है। कार्यक्रम में कृषि तथा संबंधित क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान को प्रतिपादित करने संबंधी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

इधर, तिरंगा यात्राओं की धूम, इंदौर में रथ पर सवार होंगे डॉ. यादव

प्रदेश में धार्मिक उत्सव के साथ आजादी का उत्सव भी मनाया जा रहा है। इसके तहत बीजेपी शहर-शहर में तिरंगा यात्राएं निकाल रही है। आज इंदौर और रतलाम सहित कई शहरों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया है,जिसमें स्थानीय विधायक और सांसद शामिल हो रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल छिंदवाड़ा में इसमें शामिल हुए। वहीं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा कटनी में आयोजित इस यात्रा में शामिल हुए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में आयोजित हो रही तिरंगा यात्रा में शिरकत कर रहे हैं। इंदौर में भव्यता के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री शाम को चार बजे शामिल होंगे। यात्रा में तिरंगे से सजे रथ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला समेत कई नेता सवार होंगे।

पुलिस का बैंड भी रहेगा शामिल

इंदौर की तिरंगा यात्रा में विभिन्न समाजऔर व्यापारिक संगठन अपने-अपने बैनर लेकर यात्रा में शामिल होंगे। स्काउट, एनसीसी कैडेड्स भी इसमें शामिल होंगे। राजकमल का ब्रॉस बैंड के साथ ही, पुलिस का बैंड भी इस यात्रा में शामिल रहेगा।