इंदौर में नेशनल साइबर शील्ड हैकथॉन 2025 लांच, तीन यूनिवर्सटी में टैलेंट सर्च, टॉपर को अवार्ड

राज्य साइबर पुलिस के तत्वाधान में इंदौर के श्री गोविंदराम सक्सेरिया इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस तथा क्लियरट्रेल टेक्नोलॉजीस (जीएसआईटीएस कॉलेज), भोपाल के मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी ( मैनिट) तथा जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में जल्द ही प्रतियोगिताओं का आयोजन होने जा रहा है। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ टीम को भोपाल में अगले माह होने वाली साइबर समिट में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में इंदौर सायबर पुलिस एसपी सव्यसाची सराफ , जीएसआईटीएस कॉलेज इंदौर के डॉयरेक्टर नीतीश पुरोहित की सहभागिता से नेशनल साइबरशील्ड हैकथॉन 2025 लॉन्च किया गया। इसके तहत इन तीनों कॉलेजों में 20 अगस्त तक विभिन्न कॉलेज और छात्रों का रजिस्ट्रेशन होगा। प्रतिभागियों द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन किया जाएगा तथा उन्हें दिए गए प्रॉब्लम पर सॉल्यूशन तैयार किए जाएंगे।

अंतिम तौर से चयनित 9,10 टीम 9 सितंबर को फाइनल प्रतियोगिता में भाग लेगी। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा प्रदेश में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए चलाए गए सेफ क्लिक अभियान के बाद एडीजी साइबर साई मनोहर के निर्देश पर भोपाल, जबलपुर एवं इंदौर के विभिन्न शैक्षणिक तकनीकी संस्थानों में इसका आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को जीएसआईटीएस इंदौर के डायरेक्टर नीतीश पुरोहित, राज्य साइबर सेल के पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, आईटी विभाग के प्रोफेसर केके शर्मा ने हैकथॉन 2025 औपचारिक रूप से लांच किया ।

साइबर क्राइम के समाधान की पहल

एसपी सव्यसाची सराफ ने बताया कि हैकाथॉन एक आॅनलाइन इवेंट है जो विभिन्न छात्र वर्गों को साइबर अपराध की चुनौतियों का एक अभिनव समाधान खोजने के लिए एक साथ लाता है। हैकथॉन का लक्ष्य नए विचार विकसित करना, नए सॉफ्टवेयर, एप्लिकेशन या हार्डवेयर बनाना है।