SC: मंत्री विजय शाह मामले में स्टेट्स रिपोर्ट पेश करेगी SIT

कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आने वाला है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने 28 जुलाई को इस केस की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) से 13 अगस्त तक अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था। अब सभी की निगाहें इस रिपोर्ट पर टिकी हैं। इस मामले में अगली सुनवाई 18 अगस्त को होगी।

विजय शाह की माफी पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई थी नाराजगी

इस मामले की पिछली सुनवाई में, सुप्रीम कोर्ट ने मंत्री विजय शाह की सार्वजनिक माफी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने शाह द्वारा दी गई माफी को ‘निष्ठाहीन’ करार देते हुए खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि शाह ने अपने माफीनामे वाले वीडियो में यह स्वीकार नहीं किया कि उनकी टिप्पणी से जनभावनाओं को ठेस पहुंची है।

जस्टिस सूर्यकांत ने तीखे लहजे में कहा, “वह आत्मचिंतन करें कि अपनी सजा कैसे चुकाएं। आपकी वह सार्वजनिक माफी कहां है? आप हमारे धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं।”

मंत्री को पद से हटाने की याचिका खारिज

इस बीच, कांग्रेस नेता जया ठाकुर द्वारा दायर उस याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के लिए स्वीकार नहीं किया, जिसमें मंत्री विजय शाह को उनके पद से हटाने की मांग की गई थी। 23 जुलाई को दायर इस याचिका को खारिज करते हुए कोर्ट ने कहा था कि एसआईटी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और इस मामले में उसका हस्तक्षेप करना उचित नहीं है।