मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक कार्यक्रम में अपनी एक अनोखी हरकत से सबका ध्यान खींचा। जब मंत्री जमा खान ने उन्हें मुस्लिम टोपी पहनाने की कोशिश की, तो नीतीश कुमार ने उसे पहनने से इनकार करते हुए खुद ही वह टोपी जमा खान को पहना दी।
नीतीश की सेक्युलर छवि और सियासी मायने
नीतीश कुमार अपनी सेक्युलर छवि को लेकर हमेशा सजग रहे हैं। बीजेपी के साथ गठबंधन में रहते हुए भी वे अक्सर यह कहते थे कि टीका भी लगाना होगा और टोपी भी पहननी होगी। ऐसे में, उनका खुद टोपी न पहनना सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की हरकतें उनके वोट बैंक पर भी असर डाल सकती हैं।
अल्पसंख्यक सम्मेलन में नीतीश कुमार ने टोपी अपने मंत्री जमा खान को पहना दिया pic.twitter.com/0kEYviXuek
— पंकज झा (@pankajjha_) August 21, 2025
पहले भी कर चुके हैं ऐसी हरकत
यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार ने इस तरह का व्यवहार किया है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही मंत्री जमा खान टोपी पहनाने के लिए हाथ बढ़ाते हैं, नीतीश कुमार तुरंत टोपी लेकर उन्हें ही पहना देते हैं। वे पिछले कुछ समय से ऐसी हरकतों के कारण चर्चा में रहे हैं, जहां वे माला पहनाने वाले व्यक्ति को भी वापस माला पहना देते हैं। इस घटना ने एक बार फिर उनके व्यवहार को चर्चा का विषय बना दिया है।