मुरैना जिले के बंशी वाले पहाड़ पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया, जो अब कई किलोमीटर दूर से दिखाई देगा. गुरुवार को मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने 600 फीट की ऊंचाई पर स्थापित इस ध्वज स्तंभ पर तिरंगा फहराकर इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बने.
गुरुवार को एक भव्य समारोह में, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसे सलामी दी. इस अवसर पर स्कूली छात्रों द्वारा बैंड की धुन पर गाए गए राष्ट्रगीत ने सभी का मन मोह लिया. तोमर ने कहा कि इस सबसे ऊंचे स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह तिरंगा राष्ट्रप्रेम का संदेश दूर-दूर तक फैलाएगा.
नगर परिषद की पहल और खर्च
कैलारस नगर परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नरेंद्र सिंह तोमर ने भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक तिरंगे के सम्मान को बनाए रखने की बात कही. उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष अंजना बृजेश बंसल और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की. नगर परिषद अध्यक्ष अंजना बंसल ने बताया कि इस ऐतिहासिक कार्य को पूरा करने में लगभग 10 लाख रुपये का खर्च आया. उन्होंने कहा कि यह तिरंगा फहराने का संकल्प पूरा होने पर उन्हें गर्व है. इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे.
विकास और राष्ट्रवाद का संगम
तोमर ने नगर परिषद की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगरीय निकाय ने विकास कार्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा देने वाले इस कार्य को प्राथमिकता देकर एक मिसाल कायम की है. इस मौके पर कैलारस नगर पालिका के मुख्य अधिकारी सहित सभी कर्मचारी भी उपस्थित थे. यह कदम क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा.