मध्यप्रदेश:- इंदौर में एक बड़ा वित्तीय फर्जीवाड़ा सामने आया है। मुंबई निवासी गुलाम मोइनुद्दीन और उसकी पत्नी प्रियंका पर आरोप है कि उन्होंने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए हड़प लिए। क्राइम ब्रांच ने आधा दर्जन से ज्यादा पीड़ितों की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ितों का कहना है कि दंपती ने उन्हें निवेश पर 5% ब्याज और आगे चलकर 15 से 20% तक का मुनाफा देने का लालच दिया। इतना ही नहीं, रुपए चार महीने में दोगुना करने का झांसा भी दिया गया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए “सनराइज गुरु कैपिटल इंडिया” नाम से अग्रीमेंट किए गए और करोड़ों की रकम इकट्ठी कर ली गई।
जांच में पता चला है कि आरोपी ने रकम चेक और RTGS (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) दोनों तरीकों से वसूली और लेन-देन के लिए अपनी पत्नी प्रियंका व अन्य रिश्तेदारों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। दिसंबर 2023 से वह लोगों से संपर्क में था और धीरे-धीरे निवेश बढ़वाता गया।
पुलिस ने दंपती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़ितों में कई व्यापारी भी शामिल हैं, जिनकी शिकायतों पर यह मामला दर्ज किया गया है।