प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का दौरा किया, जहां उन्होंने कई मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर हमला बोला और बीजेपी के सत्ता में आने की भविष्यवाणी की।
घुसपैठ और TMC पर सीधा हमला
पीएम मोदी ने अपनी रैली में घुसपैठ को देश के लिए एक बड़ी चिंता बताते हुए कहा कि इसे खत्म करने के लिए “मिशन” शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक बंगाल में टीएमसी की सरकार रहेगी, तब तक राज्य का विकास रुका रहेगा, और असली परिवर्तन तभी आएगा जब टीएमसी सत्ता से जाएगी। उन्होंने कहा कि यह साल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का है और बीजेपी का जन्म उन्हीं के आशीर्वाद से हुआ था।
कांग्रेस और डॉ. मुखर्जी का योगदान
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत के औद्योगिक विकास की नींव रखी, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस ने कभी उन्हें इसका श्रेय नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अगर देश उनकी बनाई नीतियों पर चला होता, तो आज भारत की तस्वीर कुछ और होती। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकसित भारत की यात्रा तभी सफल हो सकती है, जब पश्चिम बंगाल का सामर्थ्य बढ़े।
ऑपरेशन सिंदूर और दुर्गा पूजा का जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि बीजेपी जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर आतंकवादियों के ठिकानों को खत्म कर दिया, जिससे पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह ऐसे समय में कोलकाता आए हैं जब दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जिससे खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर मेट्रो, सियालदह-एस्प्लेनेड मेट्रो और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई, और इसे भारत के शहरों के कायाकल्प का प्रमाण बताया।