भोपाल (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार इस बार बारिश के मौसम के बाद एक भव्य टूरिज्म फेस्टिवल का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत सात प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी बसाई जाएगी, जिनमें पर्यटकों को तीन सितारा होटलों जैसी सभी व्यवस्थाएँ उपलब्ध होंगी। सरकार की इस योजना का उद्देश्य न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करना है, बल्कि प्रदेश के पर्यटन को एक नई पहचान देना भी है। इन टेंट सिटी में आने वाले पर्यटकों को एडवेंचर, स्पोर्ट्स, वेलनेस और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनोखा आनंद मिलेगा।
अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक 50 से 100 दिनों के लिए चलेगा महोत्सव
ये टेंट सिटी अक्टूबर 2025 से लेकर मार्च 2026 तक 50 से 100 दिनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर संचालित होंगी। जिन पर्यटन स्थलों पर यह सुविधा शुरू होगी, उनमें ओरछा, मांडू, तामिया, हनुवंतिया, चंदेरी, कुनो और गांधीसागर शामिल हैं। यह सभी स्थान अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और विशिष्ट पर्यटन पहचान के लिए प्रसिद्ध हैं।
पर्यटन स्थलों पर आयोजित होने वाले खेलों में पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बलूनिंग, ट्रेकिंग, रिवर क्रूज़ और बोटिंग शामिल होंगी। वहीं, जिन स्थलों पर जलाशय या नदी-तालाब हैं, वहाँ वाटर स्पोर्ट्स और बीच गेम्स भी कराए जाएंगे। इस बार खास तौर पर स्वास्थ्य और वेलनेस को भी महत्व दिया गया है। पर्यटक यहाँ योग और ध्यान सत्रों का आनंद उठा सकेंगे और साथ ही आयुर्वेदिक उपचार की सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी।
इतना ही नहीं, इन टेंट सिटी में लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिससे पर्यटक मध्य प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। इसके अलावा यहाँ आने वाले सैलानी स्थानीय व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे और हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी भी कर सकेंगे।
निजी कंपनियों के साथ 5 से 10 साल तक के अग्रीमेंट पर बसेंगी टेंट सिटीज
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (MPTB) इस महोत्सव का आयोजन करेगा। बोर्ड के अधिकारी युवराज पाडोले ने बताया कि इस बार सरकार ने तय किया है कि टेंट सिटी चलाने के लिए निजी कंपनियों के साथ लंबे समय का अग्रीमेंट किए जाएंगे। यह अग्रीमेंट 5 से 10 साल की अवधि के लिए होंगे। फिलहाल ओरछा, मांडू, तामिया और हनुवंतिया में टेंट सिटी स्थापित करने के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। वहीं, कुनो और गांधीसागर में टेंट सिटी की जिम्मेदारी गुजरात की लल्लूजी एंड सन्स को दी गई है और चंदेरी में यह कार्य सनसेट रिज़र्व्स द्वारा किया जाएगा।
पाडोले ने यह भी बताया कि जैसे ही टेंट सिटी तैयार हो जाएगी, उसी समय से बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। संभावना है कि पर्यटक अक्टूबर से ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अपनी बुकिंग करा सकेंगे।
इस महोत्सव के जरिये मध्य प्रदेश सरकार पर्यटन को एक नया आयाम देने जा रही है। यह कदम प्रदेश को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक प्रमुख टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगा।