कीव पर रूस के ताजा मिसाइल हमले में यूरोपीय यूनियन (ईयू) के प्रतिनिधिमंडल भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। यूरो न्यूज ने यूक्रेन में ईयू की राजदूत माथेरनोवा के हवाले से इसकी पुष्टि की है। इस हमले में आम नागरिकों को भी निशाना बनाया गया है, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों घायल हुए हैं। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल भवन में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ईयू ने हमले की निंदा की
यूक्रेन में ईयू की राजदूत कैटरीना माथेरनोवा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे रूस के शांति प्रयासों के प्रति सच्ची प्रतिक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला दर्शाता है कि रूस बातचीत के बजाय हिंसा का रास्ता अपना रहा है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि ईयू इस तरह के हमलों से डरेगा नहीं। उन्होंने कहा, “रूस की आक्रामकता यूक्रेन और उसके लोगों के साथ खड़े होने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती है।”
जेलेंस्की ने जताया दुख
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी इस हमले की आलोचना की। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि रूसी हमले के बाद कीव में बचावकर्मी एक आवासीय इमारत का मलबा हटा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
युद्ध अपराधों पर यूक्रेन का आरोप
इस बीच, अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन ने यातना निवारण संधि से यूरोपीय परिषद की वापसी की योजना बनाने के लिए रूस की आलोचना की है। यूक्रेन का कहना है कि यह प्रस्ताव युद्ध अपराधों की मौन स्वीकृति है। यूक्रेनी अधिकारी लगातार रूस पर युद्ध अपराधों, नागरिकों और युद्धबंदियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते रहे हैं।