अशोका गार्डन पुलिस ने वकील यावर खान को पकड़ा, पॉक्सो एक्ट में हुई गिरफ्तारी

भोपाल: अशोका गार्डन पुलिस ने वकील यावर खान को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब एक पीड़िता ने अदालत में गवाही देते हुए उनका नाम लिया। शनिवार देर रात उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई गई और रविवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

मामला 24 अगस्त का है, जब पॉक्सो कोर्ट में बलात्कार और सेक्स ट्रैफिकिंग से जुड़े केस की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान पीड़िता ने वकील यावर खान सहित अन्य आरोपियों के नाम का खुलासा किया। पीड़िता के बयान के बाद 11 सितंबर को अदालत ने अशोका गार्डन पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बिट्टन मार्केट स्थित मकान में किया यौन शोषण।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वकील खान ने कई बार अपने दफ्तर और बिट्टन मार्केट स्थित एक मकान में उसका यौन शोषण किया। अदालत में उसने बताया कि पहले वह वकील का नाम भूल गई थी, लेकिन गवाही के दौरान जब दूसरे वकील ने उनका नाम लिया तो उसे याद आया कि वही खान थे।

यावर खान पहले भी कुख्यात रेडियो परिवार के सदस्यों का केस लड़ चुके हैं। इसमें ड्रग तस्कर रईस रेडियो और उसके बेटे यासीन उर्फ मजिस्ट्रेट तथा मुन्ना उर्फ मजिस्ट्रेट शामिल हैं।

यह मामला मानव तस्करी और सेक्स ट्रेड से जुड़े एक बड़े अपराध गिरोह से संबंधित है। अब तक की जांच में 26 आरोपी सामने आए हैं, जिनमें से 18 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

मामले के अनुसार, पीड़िता तीन साल पहले नाबालिग अवस्था में लापता हो गई थी। मां-बाप के तलाक के बाद वह एक रिश्तेदार के पास रह रही थी, जहां उसके साथ शोषण हुआ। इसके बाद उसकी मुलाकात एक ऑटो ड्राइवर से हुई, जिसने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे सेक्स तस्करों आशुतोष बाजपेयी और उसकी पत्नी महक यादव को बेच दिया।

बाद में पीड़िता को जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया और अशोकनगर में एक व्यक्ति को बेचकर उससे शादी करा दी गई। अंततः उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और 2024 में लड़की को छुड़ाया गया। इसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।