भोपाल में लग्जरी कार से शराब की तस्करी का भंडाफोड़, तस्कर गिरफ्तार

भोपाल: राजधानी पुलिस ने रविवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से शराब की तस्करी करने वाले तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 254 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार यह शराब विदिशा से भोपाल लाई जा रही थी और शहर के अलग-अलग होटलों और ठिकानों पर खपाई जानी थी।

सूचना पर घेराबंदी

टीआई रामबाबू चौधरी ने बताया कि रविवार रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफारी स्ट्रोम कार से बड़ी मात्रा में शराब भोपाल लाई जा रही है। सूचना के आधार पर बायपास चौराहे पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की और पिछली सीट से 28 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल शेख (29), निवासी विदिशा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आदिल ने स्वीकार किया कि वह भोपाल के कई होटलों और ठिकानों पर इस शराब की डिलिवरी करने वाला था। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

कार जब्त, सहयोगियों की तलाश

पुलिस ने आरोपी की सफारी स्ट्रोम कार को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उसके सहयोगियों की तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की सप्लाई का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, आगे की पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब किस गोदाम या ठिकाने से विदिशा से लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार त्योहारों और आयोजनों के समय ज्यादा सक्रिय हो जाता है। इसी कड़ी में यह खेप भोपाल लाई जा रही थी। फिलहाल आरोपी जेल भेजा जाएगा और उसके नेटवर्क का पूरा खुलासा होने की संभावना है।