22 दिन बाद फिर शुरू हुई वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं में खुशी की लहर

कटरा: भारी भूस्खलन के कारण 22 दिनों से स्थगित माता वैष्णो देवी यात्रा बुधवार सुबह 6 बजे से कड़े सुरक्षा इंतजामों और आरएफआईडी निगरानी के साथ फिर से शुरू कर दी गई। 26 अगस्त को हुए हादसे में 34 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद से यात्रा मार्ग को बंद कर दिया गया था।

श्राइन बोर्ड ने जानकारी दी कि यात्रा दोनों मार्गों से सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है। ट्रैक की मरम्मत और मौसम सुधार के बाद यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। बोर्ड ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने और सुरक्षा बलों व जमीनी कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सभी यात्रियों के लिए वैध पहचान पत्र और आरएफआईडी कार्ड को अनिवार्य किया गया है। बोर्ड ने कहा कि ये उपाय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा की सुगमता सुनिश्चित करने के लिए किए गए हैं।

श्रद्धालुओं में उत्साह

यात्रा शुरू होने की खबर से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालुओं के एक समूह की महिला ने कहा, “हम दो दिन पहले कटरा पहुंचे थे और यकीन था कि माता का दर्शन जरूर होगा। आज यात्रा शुरू होने से बहुत खुशी है।”

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं का धैर्य बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। अब जब मार्ग को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है, तो 22 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।