बाग्राम एयरबेस को लेकर ट्रंप की धमकी, बोले– अफगानिस्तान ने नहीं लौटाया तो होंगे बुरे नतीजे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफगानिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर अफगानिस्तान बाग्राम एयरबेस को अमेरिका को वापस नहीं करता, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा – “अगर अफगानिस्तान ने बाग्राम एयरबेस उन लोगों को वापस नहीं दिया जिन्होंने इसे बनाया है, यानी अमेरिका, तो BAD THINGS ARE GOING TO HAPPEN।”

ट्रंप- “हमें वह बेस चाहिए।”

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने बाग्राम को छोड़ने के फैसले को “टोटल डिजास्टर” बताया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर अफगानिस्तान से अमेरिकी फौज की वापसी को बेहद खराब तरीके से अंजाम देने का आरोप लगाया।

ट्रंप ने कहा – “हम इस बेस को वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि अफगानिस्तान को हमसे कई चीजें चाहिए। हमें वह बेस चाहिए। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि यह चीन के न्यूक्लियर हथियार बनाने वाले ठिकानों से महज एक घंटे की दूरी पर है।”

बाग्राम एयरबेस अफगानिस्तान में अमेरिकी फौज का सबसे बड़ा ठिकाना रहा है। 9/11 हमलों के बाद अमेरिका ने यहां से तालिबान और आतंकियों के खिलाफ बड़े ऑपरेशन चलाए थे। लेकिन 2021 में अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद यह बेस तालिबान के कब्जे में चला गया।

अमेरिका को सैन्य मौजूदगी नहीं रखनी चाहिए।

वहीं अफगानिस्तान ने अमेरिकी वापसी के विचार को खारिज कर दिया है। अफगान विदेश मंत्रालय के अधिकारी जाकिर जलाल ने कहा – “अफगानिस्तान और अमेरिका को आपसी रिश्ते बेहतर करने की जरूरत है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को हमारे देश में किसी भी तरह की सैन्य मौजूदगी नहीं रखनी चाहिए।”

ट्रंप के बयान ने एक बार फिर अमेरिका और अफगानिस्तान के बीच तनाव को बढ़ा दिया है। बाग्राम एयरबेस की रणनीतिक अहमियत को देखते हुए यह मुद्दा आने वाले समय में भू-राजनीतिक खींचतान का बड़ा कारण बन सकता है।