एशिया कप के सुपर फोर मुकाबले से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मुख्य कोच फिल सिमंस ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि भारत जैसी मजबूत टीम को भी हराया जा सकता है और कोई भी टीम मैच के दिन बेहतर खेल दिखाकर जीत हासिल कर सकती है। सिमंस ने खिलाड़ियों से कहा कि भारत से डरने की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि क्रिकेट में इतिहास और रिकॉर्ड कोई मायने नहीं रखते, बल्कि मैच के दिन मैदान पर जो होता है, वही नतीजा तय करता है।
क्या कहा कोच ने
बांग्लादेश ने सुपर फोर के अपने पहले मैच में श्रीलंका को हराकर आत्मविश्वास हासिल कर लिया है और अब वह पूरी ताकत के साथ भारत से मुकाबला करने की तैयारी कर रहा है। दुबई की पिच के बारे में सिमंस ने कहा कि यह बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है और इस पर टॉस का ज़्यादा असर नहीं होगा। उन्होंने यह भी माना कि लगातार मैच खेलना और गर्म मौसम में खेलना एक चुनौती होगी, लेकिन उनकी टीम पूरी तरह से फिट है और ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार है।
टीम पूरी तरह से फिट है
रणनीति के बारे में उन्होंने कहा कि चयन इस तरह से किया जाता है जिससे टीम की स्थिरता बनी रहे। जोखिम उठाने और निर्णायक फ़ैसलों के बजाय, लगातार अच्छा प्रदर्शन और धैर्य से जीत हासिल की जा सकती है। हालांकि दबाव और आलोचना हमेशा बने रहते हैं, फिर भी सिमन्स का मानना है कि उनका स्टाफ और खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और नकारात्मक माहौल से प्रभावित नहीं होंगे। इस बयान से साफ है कि बांग्लादेश भारत को हल्के में नहीं ले रहा है और जीत की उम्मीद के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।