शराब के नशे में नाबालिग की लापरवाह ड्राइविंग, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत

छिंदवाड़ा:  जिले के तामिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। इटावा ग्राम निवासी 60 वर्षीय रामवती भलावी घास काटकर घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

नाबालिग चला रहा था बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि हादसा छिन्दाढाना झोतकला निवासी एक अपचारी बालक ने किया, जो शराब के नशे में धुत होकर लापरवाही से बाइक चला रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी बाइक को काफी तेज गति से चला रहा था और अचानक सामने आई महिला को संभाल नहीं पाया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 112 डायल टीम मौके पर पहुंची और घायल रामवती को तामिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

गांववालों का कहना है कि तामिया क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद सख्त कार्रवाई न होने से हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए ताकि भविष्य में निर्दोष लोगों की जान न जाए।

पुलिस की कार्रवाई

तामिया पुलिस ने आरोपी नाबालिग पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि वह शराब पीकर बाइक चला रहा था। पुलिस ने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण इलाकों में नशे के कारोबार और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोकथाम के लिए क्या प्रशासन ठोस कदम उठा रहा है।