सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज: CM मोहन यादव बोले- ‘हमारी सेना हो या खिलाड़ी, पाकिस्तान को हमेशा धोते हैं

भोपाल: राजधानी के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल ग्राउंड में सांसद खेल महोत्सव 2025का आज शानदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस आयोजन का शुभारंभ किया और इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ पाकिस्तान पर भी अपनी बात रखी। सीएम ने कहा, “हमारी सेना हो या खिलाड़ी, पाकिस्तान को हमेशा धोने का ही काम करते हैं।”

खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन, सरकार कर रही पूरी मदद

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे खूब दूध पिएं, खूब घी खाएं और खूब खेलें। उन्होंने बताया कि आज समय की कमी के बावजूद इस आयोजन में आना जरूरी था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में स्पोर्ट्स टीचर को असिस्टेंट प्रोफेसर और यहां तक कि कुलगुरु तक का प्रमोशन मिल सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अच्छे से प्रतिस्पर्धा में भाग लेने और सरकार द्वारा उनकी पूरी चिंता करने का भरोसा दिलाया।

तीन स्तर पर 24 खेलों का होगा आयोजन

सांसद खेल महोत्सव के लिए अब तक 71 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता तीन स्तर पर आयोजित की जाएगी:

* ग्राम स्तर:6 से 31 अक्टूबर तक

* ब्लॉक स्तर: 1 नवंबर से 30 नवंबर तक

* जिला स्तर: 1 से 25 दिसंबर तक

इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो सहित कुल 24 खेल शामिल हैं, जिनमें 16 पारंपरिक और 8 कन्वेंशनल गेम हैं।

मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालना है उद्देश्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित हो रहे इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर खेल से जोड़ना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी कहा कि जिस राज्य में खेल नहीं होते, वहां की युवा पीढ़ी नशे की ओर बढ़ जाती है। उन्होंने खेलों को समाज के लिए बहुत जरूरी बताया, जो सभी उम्र और धर्म के लोगों को एक साथ लाते हैं।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान मध्य प्रदेश का नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों ने भी महोत्सव में सहभागिता की।