जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने अपने पति की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। सोनम वांगचुक को 26 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत में लिया गया था और वे वर्तमान में राजस्थान के उदयपुर जेल में हैं। उन पर लेह में हिंसा भड़काने का आरोप है। गीतांजलि ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर अपने पति की रिहाई के लिए हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
पत्र में गीतांजलि ने कहा कि पिछले चार वर्षों से सोनम वांगचुक जनहित के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने लिखा, “मेरे पति की स्थिति के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। हम उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग करते हैं। वे एक ऐसे व्यक्ति हैं जो न केवल अपने देश, बल्कि किसी के लिए भी खतरा नहीं हैं। उन्होंने अपना जीवन लद्दाख के लोगों और भारतीय सेना के साथ एकजुटता दिखाने में समर्पित कर दिया है।”
पिछले बुधवार को लेह एपेक्स बॉडी (LBA) द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक टकराव हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 90 लोग घायल हुए। लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है।
लद्दाख बौद्ध संघ (LBA) और अखिल लद्दाख गोंपा संघ (ALGA) ने संयुक्त बयान जारी कर मांग की है कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा किए गए कथित अत्यधिक बल प्रयोग और गोलीबारी की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो। साथ ही, मृतकों और गंभीर रूप से घायल लोगों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा किया जाए।