“RSS दंगे भड़काती है, यह नॉन रजिस्टर्ड संस्था”: झांसी में दिग्विजय सिंह ने लगाया गंभीर आरोप

झांसी: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को झांसी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि RSS एक नॉन रजिस्टर्ड संस्था है, जिसके लोग दंगे भड़काते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि दंगे सरकार और अधिकारियों की नीयत पर निर्भर करते हैं, और अगर सरकार चाहे तो कभी दंगा नहीं हो सकता।

दतिया के पीतांबरा पीठ दर्शन के बाद सर्किट हाउस पहुँचे दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई विवादास्पद मुद्दों पर अपनी राय रखी।

RSS पर सीधा हमला

दिग्विजय सिंह ने RSS की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला करते हुए कहा “RSS दंगे भड़काती है। यह एक नॉन रजिस्टर्ड संस्था है। इनके लोग दंगा कराते हैं, फिर इनकी ओर से बयान आता है कि यह हमारा मेम्बर नहीं। जब संस्था का रजिस्ट्रेशन ही नहीं तो मेम्बर कहाँ से होगा?” उन्होंने पूछा कि RSS द्वारा हर विजयादशमी और गुरु पूर्णिमा पर करोड़ों रुपए चंदे में आते हैं, तो यह पैसा कहाँ जाता है और बैंक खाता कहाँ है? कोविड के समय RSS ने 7 करोड़ रुपए की मदद का दावा किया था, जिसके संबंध में उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा था कि नॉन रजिस्टर्ड संस्था के बिना अकाउंट के 7 करोड़ रुपए खर्च करने पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस चलना चाहिए।

जनसंख्या और ‘I Love Muhammad’ विवाद पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता ने जनसंख्या और हाल ही में बरेली में हुए विवाद पर भी अपनी राय रखी RSS द्वारा मुस्लिमों की आबादी बढ़ने के दावे को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदुओं से ज्यादा तेजी से मुस्लिमों की जनसंख्या घट रही है, जिसका प्रमाण 2001 और 2011 के बीच का जनसंख्या ग्राफ देता है।

‘I Love Muhammad’ बरेली विवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा, “अगर कोई ‘आई लव मोहम्मद’ या ‘आई लव रामजी’ कहता है तो इसमें किसी को क्या दिक्कत? इसमें मुकदमा दर्ज करने की क्या जरूरत है?” उन्होंने जोर देकर यह भी कहा कि दंगे सरकार और अफसरों की नीयत पर निर्भर हैं और इन्हें रोकने के लिए समय रहते कदम उठाने की जरूरत है। मौलाना तौकीर रज़ा पर कहा कि अगर कुछ फितरती लोग मुसलमानों में हैं, तो वे हिंदुओं में भी हैं, जो भड़काऊ भाषण देने का काम करते हैं।

संभल में हुई बुलडोजर कार्रवाई पर कहा कि अवैधानिक निर्माण पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी एक व्यक्ति के अपराध पर उसके परिवार को दंड देना न्याय नहीं है। सरकार द्वारा घुसपैठियों की सूची पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को  घुसपैठिए का नाम बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है, फिर घुसपैठिए कहाँ से आ रहे हैं?