उज्जैन में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने 11वीं कक्षा की छात्रा को बहला-फुसलाकर होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर नाबालिग ने अपने माता-पिता के साथ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, बलात्कार और जबरन वसूली के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही नीलगंगा क्षेत्र के उस होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, जहां यह घटना हुई।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत में कहा कि उसकी मुलाकात आरोपी लखन अमगया, पिता ओमप्रकाश, निवासी मोहन बड़ोदिया, शाजापुर, से एक साल पहले एक विवाह समारोह में हुई थी। इसके बाद लखन उज्जैन आकर उससे मिलने लगा और उसकी तस्वीरें खींचकर उन्हें एडिट कर वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी हाल ही में नीलगंगा क्षेत्र की रेड रोज होटल में काम कर रहा था। 24 सितंबर को उसने छात्रा को लोटी स्कूल चौराहे पर बुलाया और उसे बहकाकर नीलगंगा की अवंति होटल में ले गया। वहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धारा 64 व 308 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
होटल संचालक की भूमिका भी संदिग्ध
थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि आरोपी नाबालिग को अवंति होटल में ले गया था, जहां होटल संचालक ने बिना किसी जांच-पड़ताल के उन्हें कमरा उपलब्ध करा दिया। संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को भी नहीं दी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और होटल संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।