भोपाल: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा के इंतजार में लाखों परीक्षार्थी परेशान हैं। इसमें विभाग द्वारा लगातार देरी के कारण परीक्षार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने बताया कि मुख्य परीक्षा की तारीख हाईकोर्ट में लंबित मामले के फैसले के बाद ही घोषित की जाएगी। बताया जाता है कि एमपीपीएससी की 2025 के संशोधित परीक्षा कैलेंडर में सबसे ज्यादा सस्पेंस राज्य सेवा परीक्षा 2025 को लेकर बना हुआ है। पहले यह परीक्षा 9 से 14 जून तक प्रस्तावित थी। लेकिन परीक्षा के रिजल्ट की मेरिट से जुड़े विवाद के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था। लाखों परीक्षार्थी कोर्ट के फैसले के इंतजार में हैं। ताकि वे अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकें। एमपीपीएससी के इस कैलेंडर ने उम्मीदवारों को आगामी परीक्षाओं की दिशा तो बता दी है। कैलेंडर में यह भी स्प्ष्ट किया गया है कि परीक्षाओं से संबंधित परिस्थितयां और न्यायालयीन मामलों को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव संभव है।