भोपाल: राजधानी से मानसून की विदाई और ठंड की आहट के बीच शहर की हवा जहरीली होती जा रही है। एक सप्ताह के भीतर ही वायु प्रदूषण तीन गुना तक बढ़ गया है। जो कि दमा और हृदय रोगियों क लिए खतरे की घंटी है। हवा में धूल के साथ ओजोन गैस की मात्रा अधिक पाई गई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आंकड़ों में यह बात सामने आई है। टीटी नगर में इसका असर सबसे अधिक है। हवा की गुणवत्ता जांचने शहर में सात स्थानों पर जांच हो रही है। इनमें तीन रियल टाइम मॉनिटरिंग हैं। टीटी नगर, अरेरा कॉलोनी और ईदगाह हिल्स क्षेत्र में रियल टाइम जांच में एयर क्वालिटी रिपोर्ट शनिवार को एक्यूआई औसत 128 मापा गया है, जबकि 6 अक्टूबर को यह 39 था। इसमें पीएम 10 और ओजोन बड़ा कारण रहा। हवा में धूल-धुएं के बढ़ने से सबसे पहले नाक, गला और आंखों में जलन, फेफड़ों में सूजन और हृदय में तनाव बढ़ने की समस्याएं आती है। कमजोर इम्युनिटी सिस्टम वालों को दिक्कत होती है।