रिटायरमेंट के बाद संस्मरण लिखेंगे DGP कैलाश मकवाना

भोपाल: प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कल रात आयोजित एक कार्यक्रम में घोषणा की कि वे रिटायरमेंट के बाद अपने सेवाकाल के संस्मरण लिखेंगे। मकवाना ने यह घोषणा कल रात भोपाल में पुलिस ऑफिसर मेस में पूर्व पुलिस महानिदेशक और पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नरेंद्र कुमार त्रिपाठी की पुस्तक यादों का सिलसिला का विमोचन करते हुए कही। इस किताब में एनके त्रिपाठी की लेखनी से निकला उनका लोकप्रिय कॉलम यादों का सिलसिला, जो लंबे समय से न्यूज पोर्टल मीडियावाला पर प्रकाशित होता आ रहा है, अब एक पुस्तक के रूप में साकार हो गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमसीयू के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त अधिकारी मनोज श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डीजीपी मकवाना ने कहा कि यादों का सिलसिला किताब की लेखनी सटीक, जीवंत, सहज और आत्मीय है। इसमें कई संस्मरण में संवेदनाएं भी समाहित हैं। न्याय और प्रक्रिया का द्वंद्व भी देखने को मिलता है। पुलिस अधिकारियों को इसे अवश्य पढ़ना चाहिए. इसे पढ़ते हुए मकवाणा को अपने 37 साल के सर्विस करियर की यादें स्मरण होकर ताजा हो गईं। इसी को देखते हुए उन्होंने कहा कि वे भी रिटायरमेंट के बाद अपने जीवन से जुड़े संस्मरण लिखेंगे।