इंदौर के सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी। फैक्ट्री में रंग बनाने के लिए उपयोग होने वाले रासायनिक ड्रम रखे थे, जो आग की चपेट में आने से फट गए। इससे आग और तेजी से फैल गई। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी फायर ब्रिगेड आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकी। आग बुझाने के लिए सुबह सात बजे तक 100 से अधिक पानी के टैंकर इस्तेमाल किए गए। फायर ब्रिगेड के साथ-साथ नगर निगम की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आग को चारों ओर से नियंत्रित करने के लिए जेसीबी की मदद से फैक्ट्री की दीवारें तोड़ी गईं।
सांवेर रोड पर स्थित एमडीपी फैक्ट्री में रात लगभग ढाई बजे धुआं उठता दिखा। चौकीदार ने तुरंत फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल गाड़ियां पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया था। दीपावली के त्योहार को देखते हुए फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तैयार रंग और कच्चा माल जमा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सबसे पहले लक्ष्मीबाई और सांवेर रोड फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां पहुंचीं, फिर शहर के अन्य स्टेशनों से भी फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर आईं। रासायनिक पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे इसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पीथमपुर से भी पांच फोम टैंकर मंगवाए गए। सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।