भारतीय और अमेरिकी वायुसेना एक बार फिर संयुक्त युद्धाभ्यास करने जा रही हैं। यह अभ्यास ग्वालियर के महाराजपुरा एयरबेस पर होगा, जो भारत के प्रमुख वायुसेना अड्डों में से एक है। इस दौरान दोनों देशों के लड़ाकू विमान अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना की टुकड़ी ग्वालियर पहुंच चुकी है।
यह युद्धाभ्यास मंगलवार से शुरू होने की संभावना है। इसमें जापान और ऑस्ट्रेलिया पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल होंगे। इससे पहले 2004 में भी ग्वालियर एयरबेस पर भारत और अमेरिका ने संयुक्त अभ्यास किया था। हाल ही में अलास्का में दोनों देशों की सेनाओं के बीच एक और संयुक्त सैन्य अभ्यास संपन्न हुआ है।
हाल के दिनों में भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते संबंधों ने वैश्विक ध्यान आकर्षित किया है। इस पृष्ठभूमि में दोनों देशों के बीच हो रहे ये सैन्य अभ्यास सामरिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।