उज्जैन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी बुधवार सुबह तड़के 4 बजे भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन पहुंचीं। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, श्री चरणी सहित अन्य खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने भस्म आरती में हिस्सा लिया। टीम ने विश्व मंच पर शानदार प्रदर्शन और आगामी मैचों में जीत के लिए प्रार्थना की।
सूर्यकुमार यादव भी पहुंचे थे दर्शन के लिए
दो दिन पहले ही भारतीय पुरुष टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी भगवान महाकाल की भस्म आरती में हिस्सा लिया था। उन्होंने एशिया कप में भारत की जीत और टीम के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बाबा महाकाल के प्रति आभार जताया था। भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उम्दा प्रदर्शन कर रही है और सभी खिलाड़ियों ने अपने खेल में निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की।
भस्म आरती का विशेष महत्व
उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जहां भस्म आरती का विशेष महत्व है। यह अनुष्ठान केवल यहीं संपन्न होता है, जिसमें तड़के भगवान महाकाल को भस्म से स्नान कराया जाता है, इसके बाद पुजारी विधिवत आरती करते हैं। इस दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचते हैं। भस्म आरती के बाद मंदिर में दिनभर दर्शन का सिलसिला चलता है, जो रात में शयन आरती तक जारी रहता है।
मंगलवार को भस्म आरती में हुआ विवाद
मंगलवार सुबह भस्म आरती के दौरान कुछ श्रद्धालुओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, कुछ श्रद्धालु, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मंदिर प्रशासन की व्यवस्था से असंतुष्ट दिखे और उन्होंने अपना विरोध जताया। कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन में शिकायत दर्ज करने की इच्छा भी व्यक्त की। हालांकि, मंदिर प्रशासन ने मामले को शांत कर लिया और यह मामला उनके संज्ञान में है।